टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के तहत विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
सीहोर, 25 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया के मार्गदर्शन में पॉलिटेक्निक कॉलेज में तंबाकू नियंत्रण एवं युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डेंटल स्पेशलिस्ट एवं जिला तंबाकू नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को तंबाकू एवं उसके विभिन्न उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, मुंह के कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों तथा कैंसर के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी। उन्होंने तंबाकू की लत से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान टोबैको फ्री एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन के दिशा-निर्देशों, शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने तथा COTPA एक्ट 2003 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। साथ ही तंबाकू नियंत्रण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में लगभग 70 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली। विद्यार्थियों को स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)