बच्चों को बुलिंग और साइबर बुलिंग से बचाने के लिए रहें जागरूक
सीहोर, 24 नवम्बर 2026
बच्चों को शारीरिक, मानसिक और ऑनलाइन उत्पीड़न से सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। बच्चों के साथ होने वाली बुलिंग और साइबर बुलिंग को रोकने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी लोगों को सजग रहना चाहिए।
यदि कोई व्यक्ति बच्चे को मारता है, धक्का देता है, अनुचित तरीके से छूता है, उसके रूप-रंग या कपड़ों को लेकर मजाक उड़ाता है अथवा उसके बारे में अफवाह फैलाता है, तो यह बुलिंग की श्रेणी में आता है। इसी तरह किसी बच्चे की अनुचित तस्वीरें, वीडियो या मीम्स ऑनलाइन पोस्ट करना साइबर बुलिंग है। ऐसे व्यवहार से बच्चा डरा हुआ, दुखी और असुरक्षित महसूस कर सकता है।
बच्चों के साथ होने वाले अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज न करें
यदि कोई बच्चा अपनी परेशानी बताता है, तो उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनें, उस पर विश्वास करें और उसे भरोसा दिलाएं कि वह सुरक्षित है। बच्चे को डांटने या उसकी बात को अनसुना करने के बजाय उसका साथ दें। माता-पिता, परिवार के सदस्य, शिक्षक, स्कूल प्राचार्य और काउंसलर बच्चों के मददगार बनें। बुलिंग की स्थिति में आवाज उठाएं और गलत व्यवहार करने वाले को रोकने का प्रयास करें।
यदि किसी बच्चे के साथ लैंगिक शोषण या अनुचित स्पर्श की घटना दिखाई देती है अथवा बच्चा स्वयं इसकी जानकारी देता है, तो तत्काल उसकी सहायता करें। बच्चे की बात पर विश्वास करें और मामले की सूचना पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दें। इसके लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 अथवा निःशुल्क चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क करें। बच्चों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। जागरूक बनें, बच्चों की बात सुनें और किसी भी तरह के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाएं।
Continue With Google