तीन लापता व्यक्तियों की सूचना देने पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित

 

सीहोर, 17 नवम्बर 2026

      जिले के थाना अहमदपुर अंतर्गत ग्राम खाईखेड़ा से लापता तीन व्यक्तियों की पतारसी के लिए पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमवती बाई, सुरेश डांगी एवं राजेश डांगी 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम खाईखेड़ा में खेत पर बोनी करने गए थे। इसके बाद 4 नवंबर 2026 को संपर्क करने पर उनका फोन नहीं लगा। खेत पर बने मकान में भी तीनों के नहीं मिलने पर थाना अहमदपुर में अपराध क्रमांक 266/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

 

      पुलिस द्वारा तीनों लापता व्यक्तियों की तलाश के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल, भोपाल (देहात) रेंज द्वारा घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति उक्त लापता व्यक्तियों की पतारसी में उपयोगी सूचना देगा अथवा उनकी बरामदगी में सहयोग करेगा, उसे 20 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस उप महानिरीक्षक, भोपाल (देहात) रेंज का होगा।