देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के अभिभावकों के लिए विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित


                                                                                                                                                           विद्यालय एवं अभिभावकों के बेहतर समन्वय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर

देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए विशेष पैरेंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच मजबूत साझेदारी विकसित करना तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. योगेश पोपट, संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एन. सिंह, प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव एवं ISRO के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक तथा AAAQR (आकार) के संस्थापक एन. जे. भट्ट ने अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक कार्ययोजना, भावी लक्ष्य, शिक्षण पद्धतियों, विद्यार्थियों से अपेक्षाओं एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में एन. जे. भट्ट ने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित करने के महत्व को समझाया। वहीं विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने आधुनिक शिक्षा की आवश्यकताओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की आगामी ISRO आधारित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विशेष कार्यक्रमों के बारे में भी अभिभावकों को अवगत कराया गया। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए विद्यालय की प्रतिबद्धता साझा की गई।

डॉ. योगेश पोपट, डॉ. एम. एन. सिंह, एन. जे. भट्ट एवं प्राचार्य श्री अरविंद श्रीवास्तव ने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनसे विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव विद्यालय और परिवार के संयुक्त प्रयासों से ही मजबूत होती है। शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच नियमित संवाद, आपसी विश्वास और सकारात्मक सहयोग विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद, विश्वास एवं साझेदारी को मजबूत बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सैयद परवेज़ अली, बहादुर सिंह सेंधव, ज्ञानसिंह ठाकुर, डॉ. योगेश पोपट, श्रीमती पायल अली, डॉ. संगीता सिन्हा एवं सैयद आदिल अली, संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एन. सिंह तथा प्राचार्य अरविंद श्रीवास्तव उपस्थित रहे।