विधायक गोपाल सिंह जी इंजीनियर ने ‘अन्वेषण’ विज्ञान प्रदर्शनी में सहभागिता के लिए दी सहमति

देहली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, आष्टा में 4 एवं 5 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली दो दिवसीय विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रदर्शनी ‘अन्वेषण – कला, संस्कृति से अंतरिक्ष तक’ को विधायक माननीय श्री गोपाल सिंह जी इंजीनियर ने अपनी सहमति प्रदान की।

इस संबंध में विद्यालय के निदेशक श्री सैयद परवेज अली, डॉ. योगेश पोपट, संयुक्त निदेशक डॉ. एम. एन. सिंह एवं प्रख्यात ISRO वैज्ञानिक डॉ. नरेश भट्ट ने विधायक जी से सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

विद्यालय के निदेशक श्री बहादुर सिंह सेंधव, श्री ज्ञानसिंह ठाकुर, श्रीमती पायल अली, डॉ. संगीता सिन्हा एवं सैयद आदिल अली ने भी इस आयोजन को लेकर अपनी शुभकामनाएँ एवं सहयोग व्यक्त किया।

AAAQR (Registered ISRO Space Tutor) के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में ISRO एवं अंतरिक्ष विज्ञान पर वैज्ञानिक संवाद, तकनीकी पोस्टर, वॉटर रॉकेट लॉन्चिंग, ऑर्बिटिंग मॉडल, टेलीस्कोप निर्माण, आकाश दर्शन तथा विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं अनुसंधान की भावना विकसित करना तथा उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से रूबरू कराना है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद श्रीवास्तव ने आष्टा एवं आसपास के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें और ISRO, अंतरिक्ष विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कर अपने ज्ञान में वृद्धि करें।