हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है हमारी सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
बुधनी की धरती पर मां नर्मदा के आगमन से किसानों के खेत सोना उगलेंगे
गांव गांव में सड़क, पानी, निरंतर बिजली, हर हाथ को रोजगार हमारा संकल्प
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
बुधनी क्षेत्र के लिए दीं 574 करोड़ की सौगाते
सीप-अंबर परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के 30 हजार 91 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेगी सिंचाई सुविधा
536.23 करोड़ रुपये की लागत से हुआ परियोजना का निर्माण
सीप-अम्बर परियोजना से 76 गांवों के खेतों तक पहुंचेगा नर्मदा का जल, क्षेत्र में आएगी खुशहाली-केंद्रीय मंत्री श्री चौहान
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान हुए ऑनलाइन शामिल
सीहोर, 27 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है. जीवन की हर कठिनाई में सरकार जनता के साथ खड़ी है। श्री मोदी ने देश से आतंकवाद का सफाया किया और आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा. श्री मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य हो रहे हैं. गांव गांव में पक्की सड़क, निरंतर बिजली, पानी और हर व्यक्ति को रोजगार देना हमारा संकल्प है. आज बुधनी क्षेत्र के लिए बड़े सौभाग्य का दिन है. बुधनी की धरती पर मां नर्मदा के आगमन से किसानों के खेत सोना उगलेंगे. हम किसानों की समृद्धि के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र में 536 करोड रुपए की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण का लोकार्पण किया. इसके साथ ही उन्होंने बुधनी क्षेत्र के लिए अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया. उन्होंने बुधनी क्षेत्र के लिए कुल 574 करोड़ रूपये से अधिक की सौगाते दीं. कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ऑनलाइन शामिल हुए एवं सम्बोधन दिया.
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि मां नर्मदा तो बहुत समय से क्षेत्र की धरती पर बहती है, लेकिन उसका पानी क्षेत्र को नहीं मिलता था. उस जमाने में लोगों को रात में भी बिजली नहीं मिलती थी और अब दिन में भी किसानों को सिंचाई के लिए बिजली मिल रही है. आजादी के बाद 55 सालों में मध्य प्रदेश में सिंचाई का रकबा केवल 7.5 लाख हेक्टेयर रहा. हमने इसे लगभग 60 लाख हेक्टर तक पहुंचा दिया है. पिछले ढाई वर्षा में ही प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगभग 20 लाख हेक्टेयर तक बढ़ा है. उस जमाने में प्रति व्यक्ति आय 11 हज़ार रुपए प्रति माह थी, जो आज 01 लाख 70 हज़ार रुपए प्रति व्यक्ति हो गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर व्यक्ति को रोजगार उपलब्ध करवा रही है. क्षेत्र में बड़ी संख्या में कारखाने खुल रहे हैं. हमारी सरकार ने पिछले दिनों मध्य प्रदेश में 85 हज़ार शासकीय पदों पर भर्ती की. आने वाले समय में हम दो लाख पदों पर और भर्ती करने वाले हैं. प्रदेश में विकास और जन कल्याण के लिए न पैसे की कमी है और न ही संकल्प शक्ति की.
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में नारी सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहे हैं. लाड़ली लक्ष्मी, लाडली बहन जैसी योजनाएं नारियों को आत्मनिर्भर बना रही हैं. लाडली बहन योजना के अंतर्गत अभी तक लगभग 60 हज़ार करोड रुपए की राशि बहनों को दी जा चुकी है. प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में नारी वंदन अधिनियम के माध्यम से नारी शक्ति को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलेगा, जो उनके सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा के प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी निरंतर कार्य हो रहा है. ओरछा, दतिया, कटनी, मैहर आदि स्थानों में भव्य लोक बनाए गए हैं. सलकनपुर मंदिर में 7 करोड़ की लागत से विश्रामगृह भी बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा हमारा नारा है सच्चा वादा पक्का काम, प्रेम से बोलो जय श्री राम. हमारी सरकार भगवान श्री कृष्ण के लीला स्थलों पर तीर्थ बनाने का कार्य भी कर रही है.
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें खेती के साथ ही उन्हें पशुपालन, मछली पालन आदि गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. वर्तमान में दुग्ध उत्पादन में मध्य प्रदेश का देश में तीसरा स्थान है, हम इसे प्रथम स्थान पर लाने के लिए कार्य कर रहे हैं. सरकार प्राकृतिक खेती और गोपालन को बढ़ावा दे रही है. किसानों की खेती को सरकार नीलगाय और हिरणों से बचाने के लिए बोमा पद्धति का प्रयोग कर रही है.
.
सीप-अम्बर परियोजना से 76 गांवों के खेतों तक पहुंचेगा नर्मदा का जल, क्षेत्र में आएगी खुशहाली-केंद्रीय मंत्री श्री चौहान
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली से वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि आज सीप-अम्बर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण ऐतिहासिक अवसर है। इस परियोजना के माध्यम से बुधनी एवं भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों के खेतों तक पानी पहुंचेगा। पानी के बिना खेती की कल्पना संभव नहीं है। सीप-अम्बर परियोजना से किसानों की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा और पूरे क्षेत्र में खुशहाली आएगी। उन्होंने कहा कि आज केवल किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है, बल्कि मां नर्मदा मैया का आशीर्वाद भी पानी के रूप में पहुंचा है।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता की सेवा ही भगवान की सेवा है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हमारी सरकार ने निरंतर प्रयास किए हैं। हमारे किसान बहुत परिश्रमी हैं और उन्हें पानी जैसे आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो जाएं, तो वे न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश और देश की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। सीप-अम्बर परियोजना किसानों के जीवन में समृद्धि लाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
30 हज़ार से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे- जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट .
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सिंचाई परियोजना के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी. इस परियोजना से क्षेत्र के 76 गांव के 30 हज़ार से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सिंचाई का रकबा निरंतर बढ़ रहा है और किसान समृद्ध हो रहे हैं.
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश स्वर्णिम प्रदेश बनने की ओर आगे बढ़ रहा है. आज इस परियोजना के रूप में इस क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात मिली है, जिसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम में बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में यह थे उपस्थित
राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, सीहोर विधायक श्री सुदेश राय, आष्टा विधायक श्री गोपाल इंजीनियर, खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नेरश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त आयोग के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, अनुसूचति जनजाति वित्त निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेन्द्र मेवाड़ा, भैरूंदा नगर परिषद अध्यक्ष श्री मारूती शिशिर, रघुनाथ भाटी, कलेक्टर श्री बालागुरू के., जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, एडीएम श्री वृजेश सक्सेना, एडीसनल एसपी श्री प्रशांत चौबे, एसडीएम श्री सुधीर कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे.
पहले चरण से 47 और दूसरे चरण से 29 गांवों को मिलेगा लाभ
परियोजना के पहले चरण से 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर और दूसरे चरण से 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होगी। पहले चरण के लिए 346.12 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 190.11 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। पहले चरण में 16.57 किलोमीटर और दूसरे चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों का निर्माण निर्धारित 36 माह की अवधि में पूरा किया गया। अनुबंध के अनुसार निर्माण एजेंसियां पांच वर्ष तक परियोजना का संचालन और रखरखाव भी करेंगी।
भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी
परियोजना के तहत नर्मदा नदी से पानी लिफ्ट कर पंप हाउस और भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इस व्यवस्था से पानी के रिसाव और वाष्पीकरण से होने वाली हानि कम होगी। किसान निर्धारित तकनीकी व्यवस्था के अनुसार स्प्रिंकलर और ड्रिप प्रणाली से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
38.83 करोड़ के इन विकास कार्यों का किया गया लोकार्पण’
सीप अंबर परियोजना के अलावा शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भैरूंदा में 03 लैब एवं 04 अतिरिक्त कक्षों का 123.20 लाख रुपए की लागत से निर्माण तथा प्रज्ज्वल बुधनी के अंतर्गत प्रस्तावित मुख्यालय सलकनपुर में 690.37 लाख रुपए की लागत से विश्रामगृह का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही हाथीघाट से पाचौर तक 4.50 किलोमीटर मार्ग का 545.50 लाख रुपए, ग्राम चादराखेड़ से प्रस्तावित नवीन कृषि उपज मंडी रेला मार्ग तक 4 किलोमीटर मार्ग का 658.34 लाख रुपए, भीमगांव मार्ग से नहर पुलिया होते हुए बालम्या कॉलोनी तक 3 किलोमीटर मार्ग का 378.43 लाख रुपए, ग्राम डिमावर से अब्बाजदीद तक 4 किलोमीटर मार्ग का 589.10 लाख रुपए तथा इटावाखुर्द से डोंगलापानी तक 4.50 किलोमीटर मार्ग का 898.89 लाख रुपए की लागत से निर्माण कार्य शामिल हैं।
2 करोड़ 61 लाख रुपए के इन विकास कार्यों का किया गया भूमि पूजन’
6 शासकीय प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण कार्य शामिल हैं। प्रत्येक विद्यालय भवन के निर्माण पर 18.25 लाख रुपए की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत गोपालपुर के ग्राम गोपालपुर में 35.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। भैरूंदा विकासखंड में शासकीय प्राथमिक शाला पिपलानी एवं शासकीय प्राथमिक शाला ईजीएस चकबंदी के भवन निर्माण कार्यों का भी भूमि पूजन किया गया। इन दोनों कार्यों पर 43.26-43.26 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त ग्राम बगवाड़ा में 30 लाख रुपए की लागत से एक किलोमीटर सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं तथा ग्रामीणों को आवागमन एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Continue With Google
Comments (0)