एक ही स्थान पर नौकरी, स्वरोजगार, ऋण और करियर मार्गदर्शन की सुविधा बन रही युवाओं के लिए मददगार

रोजगार मेले से युवाओं को मिल रहा रोजगार का अवसर, 203 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन

रोजगार मेले में नौकरी, स्वरोजगार, ऋण और करियर मार्गदर्शन की सुविधा बन रही युवाओं के लिए मददगार

 

AMIT MANKODI

      युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके सपनों को नई उड़ान देने के लिए राज्य सरकार द्वारा जिलों में आयोजित किए जा रहे रोजगार मेले अब युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बेहतर माध्यम बनते जा रहे हैं। सीहोर में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा 203 युवाओं का चयन किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल युवाओं के चेहरों पर खुशी लाई, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर नई उम्मीद और आत्मविश्वास भी दिया।

      रोजगार मेले में शामिल युवाओं का कहना है कि पहले नौकरी की तलाश में अलग-अलग कंपनियों और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। कई बार सही जानकारी नहीं मिलने और अवसरों तक पहुंच नहीं होने के कारण युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब सरकार द्वारा आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से एक ही स्थान पर प्रदेश और देश की अनेक कंपनियां भर्ती के लिए पहुंच रही हैं। इससे युवाओं को अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। उन्हें अलग-अलग स्थानों पर जाकर आवेदन करने और नौकरी की तलाश में समय एवं पैसा खर्च करने की जरूरत भी कम हो रही है।

      युवाओं के लिए रोजगार मेले की खास बात यह है कि यहां केवल नौकरी पाने के अवसर ही नहीं मिलते, बल्कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को भी आगे बढ़ने का रास्ता मिलता है। मेले में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाती है। इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, उपलब्ध सहायता और ऋण सुविधाओं के संबंध में मार्गदर्शन मिलता है। इससे स्वयं का व्यवसाय या उद्यम स्थापित करने का सपना देखने वाले युवाओं को भी अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

      रोजगार मेले में विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को करियर चयन, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाता है। इससे युवा अपनी योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप करियर का चुनाव करने में सक्षम हो रहे हैं। साथ ही उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी मिल रही है।

      गत दिवस रोजगार मेले में चयनित श्री शिव सिंह रघुवंशी, सुश्री बरखा, श्री दीपक कीर, श्री चन्‍द्रशेखर देवलकर सहित अनेक युवाओं का मानना है कि रोजगार मेले जैसी पहल नौकरी तलाशने वालों और रोजगार देने वाली कंपनियों के बीच एक प्रभावी सेतु का काम कर रही है। एक ही मंच पर नौकरी, स्वरोजगार, ऋण संबंधी जानकारी और करियर मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। सीहोर के रोजगार मेले में 203 युवाओं का चयन इस बात का उदाहरण है कि ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।