देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह रोकने के लिए जिलेभर में गठित होंगी टीमें, सख्ती से होगी निगरानी

 

कलेक्टर के निर्देश पर जिला एवं विकासखंड स्तर पर टीमों का गठन, बाल विवाह की सूचना देने के लिए जिला मुख्यालय पर बनाया गया कंट्रोल रूम

 

सीहोर, 17 नवम्बर 2026

      देवउठनी एकादशी 20 नवंबर 2026 के अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले एवं विकासखंड स्तर पर निगरानी टीमों का गठन किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा बाल विवाह रोकने के लिए सख्त निगरानी रखने के साथ ही आमजन को जागरूक किया जा रहा है।

 

      मध्यप्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप सीहोर जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने तथा जिले में बाल विवाह का कोई भी प्रकरण सामने नहीं आने देने के उद्देश्य से लाडो अभियान 2013 से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बाल विवाह की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

      कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री राजेश खरे के मार्गदर्शन में 17 नवंबर 2026 को शासकीय हाई स्कूल पचामा में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री सुरेश पांचाल, विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती राजकुमारी भगत, श्रीमती वर्षा मिश्रा, श्रीमती वंदना मालवीय एवं सुमित गौर सहित अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

 

बाल विवाह कराना कानूनी अपराध

 

      कार्यक्रम में बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत बाल विवाह कराना दंडनीय अपराध है। बाल विवाह कराने वाले माता-पिता, परिवार के सदस्य, बाराती, रिश्तेदार, विवाह संपन्न कराने वाले पंडित, टेंट हाउस, प्रिंटर्स, बैंड-बाजे वाले, कैटरर्स, धर्मगुरु, समाज के मुखिया सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

 

      बाल विवाह में दो वर्ष तक की सजा एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। बाल विवाह होने की सूचना पुलिस, बाल विवाह निषेध अधिकारी, प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट अथवा जिला मजिस्ट्रेट को दी जा सकती है।

 

बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

 

      कार्यक्रम में बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से लड़कियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण से प्रसव के दौरान जोखिम बढ़ जाता है। इसके साथ ही शिक्षा के अधिकार प्रभावित होते हैं और बच्चों का भविष्य भी प्रभावित होता है। बाल विवाह के कारण बच्चों के शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में बाधाएं आती हैं, जिससे उनके रोजगार के अवसर भी सीमित हो जाते हैं।

 

बाल विवाह की सूचना के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

 

      जिले में बाल विवाह रोकने एवं इसकी सूचना तत्काल प्राप्त करने के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाल विवाह की सूचना स्थानीय पुलिस थाना, परियोजना कार्यालय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अथवा किसी भी शासकीय कर्मचारी को भी दी जा सकती है। बाल विवाह से संबंधित सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9993183931 जारी किया गया है।

 

      महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि देवउठनी एकादशी एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर होने वाले विवाह आयोजनों में वर-वधू की निर्धारित आयु का विशेष ध्यान रखें। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें और बाल विवाह मुक्त सीहोर बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।