जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
जिले में स्वास्थ्य सेवाओ को बेहतर बनाने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की अक्टूबर रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग में प्रदेश में अव्वल
सांस अभियान एवं राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
AMIT MANKODI
कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में बताया किया राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक सांस अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में निमोनिया की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार एवं बचाव के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम “नन्हे शिशु, उज्ज्वल भविष्य, बेहतर कल के लिए निरंतर देखभाल” रखी गई है।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता रखें। उन्होंने बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की समय पर पहचान, त्वरित उपचार, अभिभावकों को जागरूक करने तथा गंभीर स्थिति वाले बच्चों को तत्काल उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं में रेफर करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ज्ञानेश खरे सहित संबंधित अधिकारी उपिस्थत रहे।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
कलेक्टर श्री बालागुरू के. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, नियमित प्रसव पूर्व जांच, एनीमिया नियंत्रण तथा जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं की निर्धारित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए तथा एनीमिया एवं जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित उपचार और फॉलोअप किया जाए। कलेक्टर ने नवजात शिशुओं की गृह आधारित देखभाल, स्तनपान और कंगारू मदर केयर पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कुपोषित बच्चों की शीघ्र पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्रों में उपचार उपलब्ध कराने तथा डिस्चार्ज के बाद नियमित निगरानी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कमियों को निर्धारित समय-सीमा में दूर किया जाए और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
टीकाकरण एवं मातृ-शिशु मृत्यु दर की नियमित समीक्षा के निर्देश
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में टीकाकरण एवं मातृ-शिशु मृत्यु दर की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एचएमआईएस एवं यू-विन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का नियमित मिलान करने तथा टीकाकरण से छूटे बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कर कारणों का विश्लेषण करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग कि सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में सीहोर प्रदेश में प्रथम
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की अक्टूबर 2026 की ग्रेडिंग में लोक स्वास्थ्य विभाग की रैंकिंग में सीहोर प्रथम स्थान पर है। सितंबर माह में भी जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया था। कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर सराहना करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
Continue With Google
Comments (0)