कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जावर एवं ग्वाला में स्वामित्व योजना के पंजीयन कार्य का किया निरीक्षण
धनतेरस के शुभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा इच्छित ग्रामों में शत-प्रतिशत पंजीयन पूर्ण करने का लक्ष्य
कम वर्षा को देखते हुए पानी का मितव्ययी उपयोग करें, कम पानी वाली फसलों को अपनाएं - कलेक्टर श्री बालागुरू के.
सीहोर, 06 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आष्टा विकासखंड के जावर एवं ग्वाला में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के दस्तावेजों के पंजीयन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंजीयन प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। धनतेरस के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में जनप्रतिनिधियों द्वारा इच्छित ग्रामों में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का पंजीयन शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीहोर जिले में भी निर्धारित ग्रामों में पंजीयन कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों के दस्तावेजों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पंजीयन की शेष प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को स्वामित्व योजना का लाभ मिल सके और उन्हें उनकी संपत्ति के अधिकार संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा सकें।
जल संरक्षण करें एवं कम पानी वाली फसलों को अपनाएं किसान
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने आष्टा विकासखंड के जावर में नागरिकों से संवाद कर वर्षा एवं जल उपलब्धता की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले में औसत से कम वर्षा हुई है। इसे देखते हुए सभी नागरिकों को पानी का मितव्ययी उपयोग करना होगा। जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि उपलब्ध जल का उपयोग लंबे समय तक किया जा सके। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विशेष रूप से किसानों से आग्रह किया कि वे कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि खेती में जल का विवेकपूर्ण उपयोग अपनाकर भविष्य में पानी की कमी की स्थिति से बचा जा सकता है। उन्होंने नागरिकों और किसानों से जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जावर आष्टा एसडीएम श्री महेन्द्र प्रताप सिंह किरार तथा नायब तहसीलदार श्री सिद्धांत सिंगला उपस्थित थे।
Continue With Google
Comments (0)