सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

सीहोर, 04 नवम्बर 2026

            जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीहोर द्वारा संचालित ‘‘सुरक्षित बचपन अभियान–मेरा बचपन, मेरा अधिकार’’ के अंतर्गत नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल , महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडी क्षेत्र के सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल एवं शासकीय सीएम राइज विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, बाल शोषण से बचाव तथा सुरक्षित बचपन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

      नूतन हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह एवं न्यायाधीश श्री अरविंद सिंह गुर्जर द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, साइबर सेल से श्री सुशील साल्वे तथा विद्यालय संचालक श्री शुभम त्यागी की सहभागिता रही। कार्यक्रम की उप-थीम "सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन" के अंतर्गत विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों तथा डिजिटल माध्यमों पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।      

      इसी दिन महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह एवं प्रशिक्षु न्यायाधीश कु. नंदिनी पटेल द्वारा विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं बाल संरक्षण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती वर्षा राठौर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की उप-थीम "बोलो, बताओ, बचाओ" के माध्यम से बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित परिस्थिति का सामना होने पर बिना संकोच अपनी बात कहने, विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने तथा समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

      सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अनुराग सिंह कुशवाह तथा न्यायाधीश श्री साकेत जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की उप-थीम ‘‘न बाल विवाह, न बाल शोषण’’ के तहत बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बाल शोषण की पहचान, कानूनी अधिकारों एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण अथवा प्रताड़ना की स्थिति में चुप न रहकर उचित माध्यम से शिकायत करने और सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर श्री फारूक अहमद सिद्दीकी, कैलाश सत्यार्थी फाउंडेशन विदिशा के प्रतिनिधि श्री सुमित गौर, वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती सलोनी एवं विद्यालय संचालक श्री बाबू एंटोनी उपस्थित रहे।

            इसी क्रम में शासकीय सीएम राइज विद्यालय, मंडी में आयोजित कार्यक्रम में न्यायाधीश कु. शिवानी श्रीवास्तव एवं श्री फारूक अहमद सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम की उप-थीम ‘‘जागरूक बचपन, सशक्त भारत’’ के तहत बच्चों को शिक्षा के महत्व, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।