अवैध शराब के विरुद्ध बुदनी अनुभाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

तीनों थानों द्वारा 10 प्रकरण दर्ज, 101.91 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त

सीहोर। पुलिस अधीक्षक सीहोर श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशन तथा एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में दिनांक 24.11.2026 को बुदनी अनुभाग के थाना बुदनी, रेहटी एवं शाहगंज पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की गई।

थाना बुदनी पुलिस की कार्रवाई

थाना बुदनी पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

कार्रवाई के दौरान आरोपी नारायण सोलंकी निवासी ग्राम पांडाडो के कब्जे से 10.500 लीटर कच्ची महुआ शराब, आरोपी राकेश वर्मा निवासी खांडावड के कब्जे से 5.040 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब, आरोपी घनश्याम पुरी गोस्वामी के कब्जे से 18.500 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब, आरोपी मंगल प्रसाद अहिरवार निवासी माना के कब्जे से 11.340 लीटर देशी एवं विदेशी शराब, आरोपी पूनम बामने निवासी माना के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा आरोपी बसंत कुमार गौर निवासी ग्राम जहाजपुरा के कब्जे से 23.210 लीटर शराब जब्त की गई।

इस प्रकार थाना बुदनी पुलिस द्वारा कुल 83.590 लीटर शराब जब्त कर 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

थाना रेहटी पुलिस की कार्रवाई

थाना रेहटी पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 03 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किए गए।
    1.    अपराध क्रमांक 675/26 में आरोपी मंगू सिंह पिता धूल सिंह राजपूत उम्र 70 वर्ष निवासी कलवाना की गुटखा पाउच की गुमटी से 18 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा, कीमत 1,620 रुपये, जब्त की गई।
    2.    अपराध क्रमांक 677/26 में आरोपी लखन लाल पिता अनोखी लाल बडगूजर उम्र 62 वर्ष निवासी माथनी के कब्जे से ग्राम माथनी में उसके घर के पास से 05 लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत 500 रुपये, जब्त की गई।
    3.    अपराध क्रमांक 678/26 में आरोपी वीरेंद्र वर्मा पिता रामपाल वर्मा उम्र 32 वर्ष निवासी कलवाना के कब्जे से बस स्टैंड ग्राम कलवाना में 21 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा, कीमत 1,700 रुपये, जब्त की गई।

थाना शाहगंज पुलिस की कार्रवाई

थाना शाहगंज पुलिस द्वारा ग्राम खिड़िया कुर्मी में कार्रवाई करते हुए आरोपी चौहान सल्लाम के कब्जे से 35 क्वार्टर देशी शराब, अनुमानित कीमत लगभग 2,800 रुपये, जब्त की गई।

दिनांक 24.11.2026 को बुदनी अनुभाग के तीनों थानों द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 10 प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किए गए।


अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

बुदनी अनुभाग पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ढाबों, दुकानों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर सतत निगरानी रखकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।