VIT भोपाल विश्वविद्यालय में फैकल्टी क्रिकेट लीग 2026 का भव्य शुभारंभ
सीहोर | 19 नवम्बर 26
आज VIT भोपाल विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय के क्रिकेट ग्राउंड पर फैकल्टी क्रिकेट लीग 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस खेल आयोजन की शुरुआत उमंग, जोश और खेल भावना से परिपूर्ण वातावरण में हुई। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. टी. बी. श्रीधरन, रजिस्ट्रार डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्रा एवं डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस डॉ. प्रभाकर एस. की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय चांसलर डॉ. जी. विश्वनाथन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों का हिस्सा है। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन एवं दीर्घायु की मंगल कामना की। समारोह को और यादगार बनाते हुए गुब्बारे भी छोड़े गए, जिसने पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना दिया।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी छह टीमों का मार्च पास्ट रहा। सभी टीमों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ मार्च पास्ट में भाग लिया, जिसने आयोजन में एक अलग ही ऊर्जा और रोमांच भर दिया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें पूरे समर्पण के साथ खेलने, आपसी सहयोग बनाए रखने और अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह लीग उन्हें अपनी नियमित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों से अलग खेल के मैदान पर अपनी प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है। साथ ही, यह पहल शारीरिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग, टीम भावना और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
फैकल्टी क्रिकेट लीग 2026 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार के बीच एकता, सहयोग और आपसी जुड़ाव को प्रोत्साहित करने का एक विशेष अवसर है। रोमांचक मुकाबलों, उत्साहपूर्ण सहभागिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ यह आयोजन निश्चित रूप से सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों के लिए यादगार अनुभव बनेगा।
Continue With Google