प्रेशराइज्ड सिंचाई परियोजना से किसानों को लाभान्वित करने की तैयारी

 

 जिला पंचायत सीईओ ने दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के निर्देश

 

सीहोर, 19 नवम्बर 2026

      प्रेशराइज्ड सिंचाई परियोजना के सफल क्रियान्वयन एवं किसानों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सर्जना यादव कि अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री एवं आईबीपीएस कालिसिंध परियोजना फेस-1 के एसडीओ द्वारा परियोजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान भौगोलिक क्षेत्र के अनुसार ग्रामवार, तहसीलवार एवं विकासखंडवार परियोजना के विस्तार, कमांड क्षेत्र तथा बनाए गए चक एरिया की जानकारी प्रस्तुत की गई।

      बैठक में कमांड क्षेत्र में आने वाले किसानों की सूची, खसरा एवं रकबा संबंधी जानकारी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि परियोजना के अंतर्गत आने वाले किसानों को योजना से लाभान्वित किया जा सके। साथ ही विभागीय पोर्टल एमपीएफएसटीएस पर किसानों द्वारा आवेदन करने की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिले को आवंटित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

      बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री श्री एस.के. ट्रिके, एसडीओ श्री अनिल खराड़ी, कृषि उपसंचालक श्री अशोक कुमार उपाध्याय, वरिष्ठ उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. आई.एस. नरूका, वरिष्ठ वैज्ञानिक आईटीसी डॉ. नागेन्द्र मिश्रा, श्री महेन्द्र शर्मा, जन संसाधन विभाग के सहायक संचालक उद्यान श्री जगदीश मुजाल्दा सहित निर्माण कंपनियों के वेंडर, डीलर, प्रगतिशील किसान एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।