मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जावर में शिविर आयोजित

 

विधायक, कलेक्टर, एसपी ने सुनी नागरिकों की समस्याएं-शिकायत, की गई निराकरण की कार्रवाई

 

अनेक विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

 

AMIT MANKODI

 

            मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आष्टा विकासखण्ड के जावर में शिविर एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर, कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव सहित सभी विभागों के जिलाधिकारियों ने उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनी और निराकरण की कार्रवाई की। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।


      कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने जीवन में आये बदलावों के बारे में अपने अनुभव साझा किये। इसके साथ ही अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर  हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी गई।



जनहितैषी अभियानों का प्रत्यक्ष लाभ हर वर्ग को मिल रहा है- विधायक



            आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकसित भारत के सपने के साथ-साथ विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए निरंतर और प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासपरक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य ध्येय अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने शासन द्वारा समय-समय पर चलाए गए विभिन्न अभियानों का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि इन अभियानों के माध्यम से आम जनता को सीधे तौर पर राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर यह प्रयास है कि आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण किया जाए। इसके साथ ही प्रशासन स्तर पर यह पूरी मुस्तैदी से सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति या हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इन जनहितैषी अभियानों का प्रत्यक्ष लाभ हर वर्ग को मिल रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।



 

अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर करना है- कलेक्टर

 

 


            मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आष्टा में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील या जनपद कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए प्रशासन खुद उनके द्वार तक पहुँच रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और सभी पात्र लोगों को समय पर लाभ सुनिश्चित कराया जाए। शिविर के दौरान कलेक्टर बालागुरू के. ने ग्रामीणों को जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए सजगता आवश्यक है। जिले में कम वर्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने किसानों को कम पानी वाली फसलों की खेती (वैकल्पिक कृषि) अपनाने की सलाह दी, ताकि वे कम लागत और कम सिंचाई में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें। साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों से जल संरक्षण की अपील करते हुए दैनिक जीवन में पानी का मितव्ययी एवं विवेकपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया।



एसपी ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा, कानूनों और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

 

            पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने  जावर में नागरिकों से संवाद कर उन्हें सामान्य उपयोग में आने वाले कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। एसपी श्रीमती सक्सेना ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या पुलिस सहायता की आवश्यकता होने पर ग्रामीण तत्काल अपने नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।



योजनाओं का लाभ लेने और गांव में स्वच्छता बनाए रखने की अपील



 

            जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सर्जना यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जावर में आयोजित शिविर में नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।


 
अधिकारियों ने किया ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण



 

            मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों ने आष्टा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न विभागों कार्यालयों और संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालयों में संचालित गतिविधियों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासकीय सेवाओं का लाभ आमजन तक समय-सीमा में पहुंचाएं तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें।



बदलाव की कहानी, लाभार्थियों की जुबानी



            मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम आष्टा में आयोजित शिविर में उद्योग, पशुपालन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास तथा स्व सहायता समूह की लखपति दीदी सहित अनेक हितग्राहियों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासकीय योजनाओं से उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिली है और जीवन स्तर में सुधार आया है। हितग्राहियों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने उनके परिवारों को बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया है।



यह थे उपस्थित



नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती मंजू वेद, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री तेज सिंह, श्री बाबूलाल पटेल, श्री विजेंद्र ठाकुर, श्री मदन विश्वकर्मा, श्री हुकुम विश्वकर्मा, सहायक संचालक श्री आकाश गोयल सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।