वृंदावन में श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर में अलका पाठक ने उकेरी कृष्ण-सुदामा मित्रता की लीला

आष्टा। उत्तर प्रदेश सरकार एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद, वृंदावन-मथुरा के आमंत्रण पर आयोजित श्रीकृष्ण राष्ट्रीय चित्रांकन शिविर (नेशनल आर्ट वर्कशॉप-2026) में आष्टा की ख्यातिलब्ध चित्रकार अलका मनीष पाठक ने अपनी तूलिका से श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता की भावपूर्ण लीला को कैनवास पर उकेरा।

7 से 9 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए ख्यातिलब्ध चित्रकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को अलग-अलग चित्र शैलियों में प्रस्तुत किया। अलका पाठक द्वारा बनाई गई जलरंग शैली की कृष्ण-सुदामा मित्रता की पेंटिंग शिविर में विशेष आकर्षण का केंद्र रही और कलाप्रेमियों ने इसकी सराहना की।

पेंटिंग के माध्यम से उन्होंने श्रीकृष्ण और सुदामा की निस्वार्थ मित्रता, समानता और सच्चे प्रेम का संदेश प्रस्तुत किया। सुदामा द्वारा लाई गई चावल की पोटली को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा प्रेमपूर्वक ग्रहण करने के भाव को चित्र में जीवंत रूप दिया गया।

शिविर के समापन अवसर पर मथुरा सांसद एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सभी चित्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों की कृतियों की सराहना करते हुए कहा कि इतने कम समय में कलाकारों ने श्रीकृष्ण की लीलाओं को अत्यंत सुंदर और भावपूर्ण ढंग से कैनवास पर उकेरा है। उन्होंने भविष्य में शिविर की अवधि तीन दिन से बढ़ाकर पांच दिन करने का सुझाव भी दिया।

शिविर में मध्यप्रदेश सहित उत्तरप्रदेश, गुजरात, दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा के कलाकारों ने सहभागिता की। यहां पहाड़, गुजरात, जलरंग सहित विभिन्न चित्र शैलियों के माध्यम से श्रीकृष्ण की लीलाओं को प्रस्तुत किया गया।

चित्रों की प्रदर्शनी 10 सितंबर से एक माह तक आमजन के अवलोकन के लिए आयोजित की जाएगी।