दीपावली पर बहनों का मुख्यमंत्री को तोहफा! उपसरपंच ने भेजा इस्तीफा
सीहोर | आष्टा | ग्राम उदयपुर
दीपावली के पावन पर्व पर जहां बहनें अपने भाइयों की खुशहाली और लंबी उम्र की कामना करती हैं, वहीं सीहोर जिले की ग्राम पंचायत उदयपुर की उपसरपंच श्रीमती सुशीला ठाकुर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अपना त्यागपत्र भेजकर एक अलग ही संदेश दिया है।
उपसरपंच सुशीला ठाकुर ने अपने त्यागपत्र में पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि वर्ष 2022 से आज तक ग्राम पंचायत में पंचों की बैठक आयोजित नहीं की गई। उन्होंने पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत में 14 महिला पंच होने के बावजूद पंचायत की बैठकें नहीं होना लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल खड़े करता है।
सुशीला ठाकुर ने ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जब उनकी बातों को सुना ही नहीं जा रहा और जनहित के मुद्दों पर कोई सहयोग नहीं मिल रहा, तो ऐसे पद पर बने रहने का क्या औचित्य है?
उन्होंने अपना त्यागपत्र मुख्यमंत्री को भेजते हुए संबंधित अधिकारियों को भी इसकी प्रतिलिपि प्रेषित की है।
अब सवाल यह है कि दीपावली पर मुख्यमंत्री को भेजे गए इस त्यागपत्र के बाद क्या ग्राम पंचायत उदयपुर की कार्यप्रणाली की जांच होगी? क्या ग्रामीणों और महिला जनप्रतिनिधियों की आवाज सुनी जाएगी?
दीपावली पर बहनों का मुख्यमंत्री को यह तोहफा अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
SEHORE NEWS DARPAN – खबर वही, जो आपसे जुड़ी हो।
Continue With Google
Comments (0)