72 लाख रुपये के तांबे के तार की चोरी और वाहन चालक की हत्या के चर्चित मामले में सराहनीय कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को भी मिला प्रशस्ति पत्र, तत्कालीन टीआई विनय मिश्रा, गिरीश दुबे सहित पुलिसकर्मी हुए सम्मानित।

भोपाल/आष्टा। आष्टा पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। भोपाल में आयोजित सम्मान समारोह में आष्टा क्षेत्र में अपराधों की गुत्थी सुलझाने और सराहनीय पुलिस कार्य करने वाले अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस समारोह में एसडीओपी आकाश अमलकर को ब्लाइंड मर्डर (अंधे कत्ल) की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। उनकी इस पुलिस कार्रवाई को देखते हुए पुलिस महानिदेशक द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

वहीं, पार्वती थाना क्षेत्र में वाहन चालक की हत्या कर लगभग 72 लाख रुपये मूल्य के तांबे के तार चोरी करने के चर्चित मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को भी सम्मानित किया गया।

**72 लाख के तांबे के तार चोरी और हत्या के मामले में पुलिस टीम का योगदान**

उल्लेखनीय है कि इंदौर से पीलीबड़ी जा रहे आयशर वाहन से लगभग 70 क्विंटल तांबे के तार चोरी कर लिए गए थे। इस वारदात में वाहन चालक की हत्या भी की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था।

इस प्रकरण में तत्कालीन पार्वती थाना प्रभारी चिन्मय मिश्रा, तत्कालीन आष्टा टीआई गिरीश दुबे, स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव, आरक्षक शैलेंद्र चंद्रवंशी, सचिन कुमार, राहुल वर्मा एवं नितिन वर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस महानिदेशक द्वारा इन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

**आष्टा पुलिस के लिए गौरव का अवसर**

भोपाल में आयोजित इस सम्मान समारोह में आष्टा पुलिस से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को मिली यह उपलब्धि सीहोर जिले के लिए गौरव का विषय है। ब्लाइंड मर्डर जैसे चुनौतीपूर्ण मामले की गुत्थी सुलझाने से लेकर हत्या और बड़ी चोरी के मामले का खुलासा करने तक पुलिस टीम की भूमिका को सम्मान के माध्यम से सराहा गया।

पुलिसकर्मियों को मिला यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठ प्रयासों और अपराधों के खुलासे में किए गए कार्यों की पहचान है।