केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने आज रेहटी में 28 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का किया लोकार्पण और 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय का किया अवलोकन

 

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता

 

निजी स्कूलों से बेहतर हों सरकारी विद्यालय, ग्रामीण बच्चों को मिले गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

 

नशा नाश की जड़ है, रेहटी को नशामुक्त बनाना हमारा संकल्प

 

जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता

 

आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों से क्षेत्रवासियों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

 

सीहोर, 22 नवम्बर 2026

      केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री एवं विदिशा सांसद श्री शिवराज सिंह चौहान ने रेहटी में लगभग 28 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज इस विद्यालय का लोकार्पण करते हुए मन अत्यंत प्रसन्न है। उनका सपना है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं सरकारी स्कूलों में उपलब्ध हों। भवन अच्छा बनने के साथ ही विद्यालय में पढ़ाई का स्तर भी बेहतर होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे पूरी लगन और समर्पण के साथ बच्चों का भविष्य संवारें, ताकि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।

 

निजी स्कूलों से बेहतर हों सरकारी विद्यालय, ग्रामीण बच्चों को मिले गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

 

      श्री चौहान ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे स्कूलों की कमी के कारण प्रतिभाशाली बच्चे भी आगे नहीं बढ़ पाते थे। निजी स्कूलों की फीस अधिक होने के कारण हर परिवार अपने बच्चों को वहां नहीं पढ़ा सकता। इसी सोच के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए सीएम राइज स्कूलों की कल्पना की थी, ताकि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी बेहतर बन सकें। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इन विद्यालयों को सांदीपनि विद्यालय नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, खेल मैदान, संगीत एवं नृत्य की कक्षाएं सहित पढ़ाई और सर्वांगीण विकास की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी कल्पना है कि आसपास के गांवों के बच्चे भी स्कूल बसों से विद्यालय आएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करें।

 

नशामुक्त रेहटी का संकल्प, जनसेवा को बताया सबसे बड़ा धर्म

 

      श्री चौहान ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है। रेहटी को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं कभी नशा न करें और परिवार में भी कोई नशा करता है, तो उसे इसके दुष्परिणाम समझाएं। बेटियों के सम्मान, अच्छी शिक्षा और मेहनत को जीवन का आधार बनाने का संदेश देते हुए उन्होंने बच्चों को संकल्प दिलाया कि वे खूब पढ़ेंगे, नशे से दूर रहेंगे और गलत कार्यों से बचकर जीवन में आगे बढ़ेंगे। श्री चौहान ने कहा कि मामा तो जनता का सेवक है और जनता की सेवा ही उनके लिए भगवान की पूजा है। रामायण की चौपाई 'परहित सरिस धर्म नहीं भाई, पर पीड़ा सम नहीं अधमाई' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं और किसी को कष्ट पहुंचाने से बड़ा कोई पाप नहीं है। हम सभी को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और किसी को परेशान नहीं करना चाहिए।

 

6.55 करोड़ की लागत से बने 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय में शुरू हुई ओपीडी

 

      श्री चौहान ने रेहटी में लगभग 6.55 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी जैसी प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां ओपीडी प्रारंभ की जा रही है, जहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने संबंधित मंत्री एवं अधिकारियों से चर्चा कर अस्पताल में आवश्यक पदों की स्वीकृति, स्टाफ की व्यवस्था और शेष सुविधाएं शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा एवं 50 बिस्तरों की व्यवस्था है। इतने भव्य भवन और सुविधाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलना चाहिए। इसके लिए अस्पताल का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल की शेष व्यवस्थाएं पूर्ण कराने में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

      कार्यक्रम में बुधनी विधायक श्री रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित करते हुए कहा कि रेहटी में सांदीपनि विद्यालय और 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय जैसी सुविधाओं की सौगात मिलने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी

      इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्‍यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, मध्‍यप्रदेश आदिवासी वित्‍त विकास निगम अध्‍यक्ष श्रीमती निर्मला वारेला, सलकनपुर ट्रस्‍ट के अध्‍यक्ष श्री महेश उपाध्‍याय, नगर परिषद अध्‍यक्ष रेहटी श्री राजेन्द्र मीना पटेल, नगर परिषद अध्‍यक्ष नसरूल्‍लगंज श्री मारूती शिशिर, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, श्री अर्जुन मालवीय