स्वच्छ सर्वेक्षण में बुदनी को राष्ट्रीय स्तर पर मिला तीसरा स्थान, मध्यप्रदेश का बढ़ाया गौरव
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रदान किया स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार
कलेक्टर ने बुदनी की इस उपलब्धि पर सभी नगरवासियों, सफाईमित्रों एवं नगर परिषद की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी
सीहोर, 11 नवम्बर 2026
सीहोर जिले के बुदनी नगर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। बुदनी को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बुदनी को यह प्रतिष्ठित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान किया। इस उपलब्धि से जिले में हर्ष का माहौल है। कलेक्टर श्री बालागुरु के. ने बुदनी नगर की इस उपलब्धि पर सभी नगरवासियों, सफाईमित्रों एवं नगर परिषद की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छता के प्रति नगरवासियों की जागरूकता, सफाईमित्रों के समर्पण और नगर परिषद के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
फोटो संलग्न
क्रमांक 3459/2026
समाचार
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर 15 नवंबर को जिले में मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस
सीहोर, 11 नवम्बर 2026
भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जिले में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक रैली आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में स्थानीय जनजातीय समुदाय, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाए। सांस्कृतिक रैली में जनजातीय पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्रों एवं लोक परंपराओं की झलक दिखाई जाए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, भगवान बिरसा मुंडा, प्रदेश के जनजातीय नायकों एवं उनकी गौरवशाली परंपराओं को प्रमुखता से शामिल किया जाए। साथ ही शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार, जनजातीय समाज की सफलता की कहानियां और नवाचारों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, गैर सरकारी संगठनों, एनएसएस, एनसीसी तथा कर्मयोगी अभियान के मास्टर ट्रेनर्स की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाये।
Continue With Google
Comments (0)