लगातार नौ दिन तक की जाएगी चैत्र नवरात्रि पर शिव और शक्ति की आराधना
श्राद्धा अमावस्या पर किया गया नवग्रह मंडल का निर्माण
सीहोर। क्षेत्र की उन्नति और प्रगति के लिए हर साल की तरह इस साल भी शहर के बढिय़ाखेड़ी जोड सीवन नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध शिव आराध्य पीताम्बर देवी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि से निशुल्क नौ दिवसीय 10 महा विद्या की पूजा अर्चना के साथ शिव शक्ति यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को श्राद्ध अमावस्या पर नवग्रह मंडल, गणेश गौरी मंडल आदि का निर्माण के बाद आचार्य पंडित संतोष भारद्वाज के मार्गदर्शन में मंदिर परिसर में विशेष पूजा अर्चना की गई। यहां पर विराजमान भगवान शिव सहित देवियों का अनुष्ठान किया गया। उन्होंने बताया कि शिव शक्ति महायज्ञ का आयोजन राय परिवार और सभी क्षेत्रवासियों के द्वारा किया जा रहा है। शिव-शक्ति यज्ञ का आयोजन आगामी शनिवार से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में दशावतार को भी महाविद्याओं का अवतार माना जाता है। यह हैं दस महाविद्याएं-काली, तारा, छिन्नमस्ता, षोडशी, भुवनेश्वरी, त्रिपुर भैरवी, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी व कमला। इन देवियों को दस महाविद्या कहा जाता हैं। इनका संबंध भगवान विष्णु के दस अवतारों से हैं। मसलन भगवान श्रीराम को तारा का तो श्रीकृष्ण को काली का अवतार माना जाता हैं। उन्होंने बताया कि हिन्दू कैलेंडर के मुताबिक एक साल में चार नवरात्रि होती है। इसके लिए सीवन नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध शिव आराध्य पीताम्बर देवी माता मंदिर आयोजन किया जाता है। इस साल कोरोना महामारी के समाप्त होने के कारण भव्य रूप से किया जाएगा।
आगामी शनिवार से चैत्र नवरात्रि आरंभ
इस साल चैत्र नवरात्रि 02 अप्रैल से शुरू हो रही है, जो कि 11 अप्रैल तक रहेगी। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा की जाएगी। इन नौ दिनों में मां जगदंबे की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से विशेष फलों की प्राप्ति होती है। वहीं इस बार चैत्र नवरात्रि में कई बड़े बदलाव हो रहे हैं। इस साल की चैत्र नवरात्रि में एक भी तिथि का क्षय नहीं हो रहा है। खास बात ये है कि इन 9 दिनों में कई ऐसे योग बन रहे हैं, जो सर्व फलदायी हैं।
Leave a Reply