पंचायतों एवं नगरीय निकाय के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
नगरीय निकायों और पंचायत निकायों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश गत दिवस संभागायुक्त श्री मालसिंह भयडिया ने संभाग के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ नागरिकों को सुनिश्चित करते हुए विकास और निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करे।
संभागायुक्त ने नगर परिषद और नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए है कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास, शहरी पेयजल सहित स्वच्छता अभियान के कार्यों में गति लाएं। आयुक्त ने निकायों के अधिकारियों को सचेत किया कि वे काम में तेजी लाएं और निर्धारित समय अवधि में काम पूरा करें अन्यथा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। आयुक्त ने राजस्व वसूली के कार्यो की समीक्षा के दौरान कहा कि अपेक्षाकृत कम राजस्व वसूल करने वाले निकायों को तत्काल अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त ने जिला और जनपद पंचायत के सीईओ को प्रमुख रूप से मनरेगा, प्रधानमंत्री ड्रिप सिंचाई, स्वच्छ भारत मिशन, आजीविका मिशन, अमृत सरोवर और उत्तम धरोहर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास और आवास प्लस की प्रगति की भी जानकारी ली तथा समय अवधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत लाभान्वित किए जाने के कार्यक्रम की भी अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजना के अलावा अन्य कार्यक्रमों में नवाचार का कार्यक्रम तैयार कर भेजे,जिससे उन कामों की भी समीक्षा की जा सके।अमृत सरोवर के निर्माण में अच्छा काम नही करने वाले ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के उपयंत्रियो के विरुद्ध कार्यवाही के लिए अधीक्षण यंत्री को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए है। आयुक्त ने सभी जिलों के अधिकारियों से कहा कि वे स्वच्छ भारत मिशन में बेहतर काम करें।उन्होंने मछली पालन विभाग को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में लाभ सुनिश्चित करते हुए,स्वसहायता समूहों को मछली और सिघाड़ा उत्पादन से जोड़ने के निर्देश दिए।
——————————————————————————————————————————————————–
आम जन से जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ प्राप्त करें
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना संचालित की जा रही है। योजना का लाभ बैंक खाताधारक 18 से 50 वर्ष के आयु समूह के उन सभी व्यक्तियों के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने इस योजना में शामिल होने तथा ऑटो-डेबिट के लिए अपनी सहमति दी हो । योजना में दो लाख रूपये का जीवन कवर एक जून से 31 मई तक की एक वर्ष की अवधि के लिए उपलब्ध है। योजना के अंतर्गत किसी भी कारण से बीमित व्यक्ति की मृत्यु के मामले में दो लाख रूपये का जोखिम कवरेज है। इसका प्रीमियम 436 रूपये प्रति वर्ष है, जो अभिदाता द्वारा दिये गये विकल्प के अनुसार योजना के अंतर्गत प्रत्येक वार्षिक कवरेज के लिए 31 मई या उससे पूर्व उनके बैंक खाते से एक किश्त में ऑटो- डेबिट किया जाता है।
इस योजना का प्रस्ताव जीवन बीमा निगम तथा अन्य जीवन बीमाकर्ता, जो इस प्रयोजन से अपेक्षित अनुमोदन प्राप्ति करके तथा बैंकों से समझौता करके इन्हीं शर्तों पर इस उत्पाद का प्रस्ताव करने के लिए इच्छुक हो, द्वारा किया जाता है।
————————————————————————————————————————————————————
आम जन से डाकघर का हर घर खाता अभियान से जुड़ने की अपील
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
डाक विभाग लघु बचत योजनाओं से आमजन को परिचित कराने के लिए हर घर खाता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गृहणी, कामगार, व्यवसायी, दैनिक वेतन भोगी, विद्यार्थियों एवं आमजन के पीपीएफ खाते, नागरिकों के बचत खाते, आवर्ती खाते एवं सावधि खाते खोले जा रहे है। आमजन से हर घर खाता अभियान के तहत डाकघर की आकर्षक योजनाओं का लाभ खाता लेने की अपील की है। इनमें उच्च व्याज दर वाली डाक विभाग की जनकल्याणकारी बचत योजनायें शामिल है।
डाकघर आवर्ती जमा योजना – मात्र 1450/- प्रति माह जमा कर 5 वर्ष उपरांत लखपति (ब्याज दर – 5.8 प्रतिशत) बना जा सकता है। बचत बैंक मात्र 500 रूपये से खुलवाकर चेकबुक एटीएम, ऑनलाईन बैकिंग सुविधा (ब्याज दर 4 प्रतिशत) ली जा सकती है। 1,2,3 एवं 5 वर्षीय टाईम डिपॉजिट (ब्याज दर – 5.5 से 6.7 प्रतिशत) योजना भी है जिसके लिए न्यूनतम 1000 प्रतिमाह एवं अधिकतम कोई सीमा नहीं रखी गई है। 5 वर्षीय मंथली इनकम स्कीम (एमआईएस) (ब्याज दर – 6.6 प्रतिशत) न्यूनतम 1000 रुपए एवं अधिकतम सीमा 4.5 लाख एकल खाते हेतु, 9.0 लाख ज्वांइट खाते हेतु योजना भी संचालित है। सीनियर सिटीजन एवं रिटायर्ड कर्मचारियों हेतु 5 वर्षीय सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (ब्याज दर 7.6 प्रतिशत) मिनिमम डिपॉजिट राशि 1000 रुपये अधिकतम 15 लाख भी लोकप्रिय है, जिसमें ब्याज की। वापसी त्रैमासिक स्तर पर होती है, 21 वर्षीय सुकन्या समृद्धि योजना ब्याज योजना ब्याज दर – 7.6 प्रतिशत के लिए खाता खोलने की राशि मात्र 250 रुपये है। आयकर 80 सी की इस योजना में अधिकतम 1.5 लाख प्रतिवर्ष तथा जमा अवधि 15 वर्ष है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में 250 रूपये से नागरिक प्रीमियम खाता खुलवा सकते है। फ्री डोर स्टेप सर्विस/असीमित जमा निकासी की सुविधा भी दी गई है। डाकघर में मात्र 299 एवं 399 रुपये में 10 लाख का दुर्घटना बीमा कराया जा सकता है। इस प्रकार डाक विभाग एवं भारत सरकार के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक द्वारा दुर्घटना बीमा के क्षेत्र में एक अनूठी पहल की गई हैं, जिसके तहत 299 एव 399 रुपये प्रतिवर्ष की मामूली दर पर दुर्घटना बीमा के तहत ग्रुप एक्सीडेंट पॉलिसी जारी की जाती हैं। इस पॉलिसी में बीमा धारक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर क्लेम से लेकर अस्पताल के इलाज के लिए तुरंत राशि उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही स्थाई विकलांगता, आंशिक विकलांगता होना या लकवा होने पर 10 लाख तक का क्लेम किया जा सकता हैं। दुर्घटना का शिकार होने पर अस्पताल में भर्ती होने पर ईलाज खर्च के लिए 60 हजार और ओपीडी इलाज के 30 हजार रूपये दिये जाएँगें। इस प्रकार 10 लाख के दुर्घटना बीमा के क्षेत्र में एक अनूठी पहल की गई हैं।
————————————————————————————————————————————————————–
मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप योजना के आवेदन 21 दिसम्बर तक
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप योजना सरकार की एक फ्लैगशिप इनिशिएटिव स्कीम है। इस योजना के तहत राज्य के युवाओं को अपना कौशल बढ़ाने, प्रोफेशनल वातावरण में कार्य करने और मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र के रूप में प्रदेश के विकास में योगदान देने का अवसर प्राप्त होगा। इसके लिए 19 से 29 वर्ष की आयु तक के युवा एमपी आनलाईन के माध्यम से 21 दिसम्बर तक आवेदन कर सकते है। आवेदक युवा पिछले 2 वर्षो से किसी भी विषय में शासन द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों से स्नातक, स्नातकोत्तर उत्तीर्ण होना चाहिए। इंटर्नशिप में चयनित होने पर मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र प्रदेश में सामुदायिक जागरूकता गतिविधियों में जमीनी स्तर पर तथा सामुदायिक गतिशीलता सर्वेक्षण सूचना प्रसार आदि के क्षेत्रों में कार्य करेंगे। जिसके लिए उन्हे 8000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड प्राप्त होगा।
——————————————————————————————————————————————————————-
नवीन छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तहत शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए शासकीय महाविद्यालयों, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के नवीन छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदनों के लिये पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल www.tribal.mp.gov.in/mptaas प्रारम्भ किया गया है। समस्त शासकीय शैक्षणिक संस्थाएं वर्ष 2021-22 में पिछड़ा वर्ग के नवीन प्रवेशित छात्रों के लिये पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीन आवेदन उक्त पोर्टल पर ही दर्ज करवायें।
——————————————————————————————————————————————————————
प्राथमिक शिक्षक अभ्यर्थियों के दस्तावेज का सत्यापन 30 दिसंबर तक
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा, 2020 में अर्ह पाये गये अभ्यर्थियों की ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया 17 नवंबर 2022 से शुरू की जा चुकी है। प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती के लिये स्कूल शिक्षा विभाग के 7,429 एवं जनजातीय कार्य विभाग के 11,098 पद पर संयुक्त काउंसलिंग से नियोजन किया जाना है। आयुक्त लोक शिक्षण श्री अभय वर्मा ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक नियोजन 2022-23 के लिये अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रस्तावित सूची 30 दिसंबर, 2022 तक पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थी पोर्टल trc.mponline.gov.in सतत देख सकते हैं।
इस ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया के संबंध में मध्यप्रदेश राज्य स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षणिक संवर्ग), सेवा शर्ते एवं भर्ती नियम 2018 और इन नियमों में समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुसरण में प्राथमिक शिक्षकों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए विस्तृत विवरण नियम, निर्देश, प्रक्रिया, रिक्तियाँ, आरक्षण अर्हता आदि समस्त विवरण एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल https://trc.mponline.gov.in पर उपलब्ध है।
————————————————————————————————————————————————————-
पंचायतों के आम/उप निर्वाचन उत्तरार्ध का निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के आम/उप निर्वाचन वर्ष 2022 उत्तरार्ध के लिये निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिये हैं। मतदान 5 जनवरी 2023 को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतदान मतपत्र एवं मत पेटी के द्वारा तथा सरपंच, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत सदस्य के लिये मतदान ईव्हीएम से होंगे।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री राकेश सिंह ने जानकारी दी है कि निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने का कार्य 15 दिसम्बर, 2022 से शुरू होगा। नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 22 दिसम्बर है। नाम निर्देशन-पत्रों की जाँच 23 दिसम्बर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 दिसम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन भी होगा। मतदान 5 जनवरी को होगा। पंच पद के लिये मतगणना, मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतदान-केन्द्र में ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की मतगणना 9 जनवरी 2023 को सुबह 8 बजे से विकासखण्ड मुख्यालय पर ईव्हीएम से होगी। सरपंच तथा जनपद पंचायत सदस्य के परिणाम 9 जनवरी को और जिला पंचायत सदस्य के परिणाम 10 जनवरी, 2023 को घोषित होंगे। संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है।
——————————————————————————————————————————————————————–
स्वामी विवेकानंद के जन्म-दिवस 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
राज्य शासन द्वारा स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को प्रति वर्ष युवा दिवस के रूप में मनाये जाने के अनुक्रम में 12 जनवरी 2023 को प्रदेश के सभी विद्यालय, महाविद्यालय, शिक्षा संस्था, पंचायत और आश्रम-शालाओं आदि में प्रात: 9 बजे से 10.30 बजे तक सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में राष्ट्र-गीत तथा मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन होगा। इसके बाद सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम होगा। कार्यक्रम में पूर्व की भांति रेडियो से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के रिकार्डेड संदेश का प्रसारण किया जायेगा।
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम पूरे प्रदेश में एक साथ, एक समय और एक संकेत पर किया जायेगा। कार्यक्रम में किसी भी संस्था, छात्र एवं छात्रा का भाग लेना पूर्णत: स्वैच्छिक होगा। सूर्य नमस्कार में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के तथा महाविद्यालयीन विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। प्राथमिक शाला में कक्षा एक से पाँच तक के बच्चे सूर्य नमस्कार में दर्शक के रूप में उपस्थित हो सकेंगे। सूर्य नमस्कार में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता के लिए विशेष प्रयास किये जायेंगे। जिला स्तर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की गयी है। जो जिला स्तर पर कार्य-योजना तैयार करेगी। अशासकीय शिक्षण संस्थाओं, पालक शिक्षक संघ, विभिन्न योग संस्थाओं, स्थानीय खेल क्लब, सेवानिवृत्त सैनिक, मॉर्निग क्लब, व्यायाम शाला, हेल्थ क्लब, पंचायत, सहकारी संस्थाओं, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में पुरस्कृत प्रतिभाओं, भोज विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा केंद्र, नगर एवं ग्राम सुरक्षा समितियों की सहभागिता को सुनिश्चित किया जायेगा। कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, जिला एवं जनपद पंचायत, अध्यक्ष एवं सदस्य नगर पालिका एवं नगर पंचायत और अन्य जन-प्रतिनिधियों से शामिल होने के लिए अनुरोध किये जाने का निर्देश दिया गया है।
—————————————————————————————————————————————————————
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने खेती के साथ उद्यानिकी फसलों की खेती आवश्यक
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
किसान भाइयों को आत्म-निर्भर और संपन्न होने के लिए आवश्यक है कि पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी फसलों का भी उत्पादन करें। उद्यानिकी फसलों का मूल्य पारंपरिक फसलों से ज्यादा मिलता है। कृषक बंधु जब उद्यानिकी फसल के उत्पादों का प्रसंस्करण कर बाजार में बेचेंगे तो मुनाफा दोगुना होगा। पिछले तीन वर्षों में हमने किसान भाइयों के उत्थान के लिए आदर्श विकासखंड को 5 करोड़ रूपये की राशि दी है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह एक दिवसीय कृषि मेला और कृषक प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे।
………………………………………………………………………………………………………………………………………………………
…………………………………………………………………………………………………………………………………………………….
किसान ई केवायसी व बैंक खाते से आधार लिंक कराएं
योजना के तहत अब सिर्फ 3 दिन शेष है
सीहोर,12 दिसम्बर,2022
जिलें में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों का ईकेवायसी तथा बैंक से आधार खाता लिंक कराने के लिए अब सिर्फ 3 दिन ही शेष है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की किश्त प्राप्त करने के लिए किसान अपनी केवायसी और आधार नंबर को बैंक खाते से 15 दिसम्बर तक लिंक कराएं। किसान पीएम किसान की विभागीय साईट https://pmkisan.gov.in/ पर फॉर्मस कार्नर से तथा आधार सेंटर से भी ईकेवायसी करा सकते है। इसके अलावा किसान सीधे बैंक से आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक भी करा सकते है।