सीहोर : ब्राह्मण समाज की डायरेक्टरी के लिए जनगणना का कार्य शुरू
सीहोर : ब्राह्मण समाज की डायरेक्टरी के लिए जनगणना का कार्य शुरू

ब्राह्मण समाज की डायरेक्टरी के लिए जनगणना का कार्य शुरू
सीहोर। शहर के खजांची लाइन स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में एक विशेष बैठक का आयोजन सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बालमुकुन्द पालीवाल की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर समाजजनों ने आगामी 13 नवंबर को दीपावली मिलन के अलावा समाज की डायरेक्टरी के लिए जनगणना सहित अन्य विषयों पर चर्चा की। इस मौके पर सभी ने सर्व सम्मति से प्रस्ताव को समर्थन किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सर्व ब्राह्मण समाज के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि आगामी दिनों में शहर के सभी वाडो में जनगणना का काम शुरू किया गया है। ब्राह्मण समाज के लोग तय फॉरमेट पर अपने परिवार की जानकारी आवश्यक रूप से दें। क्योंकि जनगणना पूर्ण होने के बाद ब्राह्मण समाज की डायरेक्टरी छपेगी। यदि कोई परिवार छूट गया तो दिक्कत होगी। गणना डोर टू डोर हो रही है फिर भी यदि कोई परिवार छूट जाय तो वह उन्हें सीधे संपर्क कर सूचना दे सकते हैं। इस डायरेक्टरी में परिवार की हर तरह की जानकारी होगी। जिसमें बच्चों के रोजगार, बेरोजगार सहित गोत्र संबंधी भी जानकारी होगी। जिससे शादी विवाह संबंध में इसका उपयोग किया जा सकेगा। इस गणना करने वालों के लिए सेक्टर वाइज एक टीम का गठन भी किया गया है। इस मौके पर सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्री पालीवाल ने यहां पर उपस्थित सभी विप्रजनों को संबोधित करते हुए बताया कि हाल के दिनों में विप्रजनों की एक कार्य समिति, कार्यकारिणी सहित अन्य का गठन किया गया है। इसके अलावा आगामी दिनों में युवाओं की टीम का गठन भी किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि आगामी 13 नवंबर को शहर के खजांची लाइन स्थित धर्मशाला में दोपहर तीन बजे दीपावली मिलन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर सभी विप्रजनों को आमंत्रित किया गया है।