तीर्थ दर्शन यात्रा पुन: शुरू करने के लिए बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को दिया धन्यवाद
तीर्थ दर्शन यात्रा पुन: शुरू करने के लिए बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को दिया धन्यवाद
सीहोर, 17 अप्रैल 2022
प्रत्येक व्यक्ति की इच्छा होती है कि जीवन में एक बार अवश्य तीर्थ यात्रा कर अपने जीवन को सार्थक बनाएं। लेकिन आर्थिक एवं अन्य कई कारणों से बहुत से लोग तीर्थ यात्रा करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे ही लोगों की तीर्थ दर्शन की इच्छा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से पूरी हो रही है। काशी तीर्थ दर्शन के लिए जाने वाले अनेक बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पुनः तीर्थ दर्शन योजना शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया है।
तीर्थ दर्शन यात्रा के पुन: शुरू होने पर यात्रियों में उत्साह की लहर दिखाई दे रही है। तीर्थ दर्शन यात्रा पर जाने वाले यात्री नव्या बाई पटवा, भैयालाल, बनवारीलाल, राधेश्याम साहू, नारायण प्रसाद शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमे इस उम्र में काशी विश्वनाथ के दर्शन करने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 19 अप्रैल को काशी के लिए रवाना होने वाली तीर्थ यात्रा में जिले से 50 तीर्थ यात्रियों एवं 02 पर्यवेक्षकों का चयन किया गया है। जिले के तीर्थ यात्रियों की बोर्डिंग रानी कमलापति स्टेशन भोपाल से है। जिले के चयनित सभी यात्रियों को बोर्डिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।