सीहोर : महिलाओं द्वारा संचालित “ई-सवारी रिक्शा” सेवा का पूरे प्रदेश में विस्तार किया जाएगा
महिलाओं द्वारा संचालित “ई-सवारी रिक्शा” सेवा का
पूरे प्रदेश में विस्तार किया जाएगा
सीहोर 09 दिसंबर,2019
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने महिलाओं द्वारा संचालित ई-सवारी रिक्शा सेवा का शुभारंभ करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह नई पहल है। इस योजना का पूरे प्रदेश में विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर बनाने तथा उनकी सुरक्षा की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि महिलाएं स्वावलम्बी बनें और सम्मान के साथ जियें। उन्होंने कहा कि ई-सवारी रिक्शा सेवा से महिलाओं को रोजगार मिलेगा और वे आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरुषों के रोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं घोषणाओं में नहीं, बल्कि काम करने में विश्वास करता हूँ। हमारे काम का प्रमाण-पत्र प्रदेश की जनता देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की शक्ति से नए मध्यप्रदेश का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की क्रय शक्ति बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में नई चुनौतियाँ सामने आ रही हैं। प्रदेश में अब कम उत्पादन नहीं, बल्कि अधिक उत्पादन की चुनौती हमारे सामने है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम कैसे मिले, इसके लिये कारगर योजना बनाकर उसे क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में नई क्रांति लाई जाएगी।
श्री कमल नाथ ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। औद्योगिक निवेश के लिये बेहतर वातावरण भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, तो रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।