सीहोर : गौशालाओं के गोबर से बनेगी गणेश प्रतिमाएं
गौशालाओं के गोबर से बनेगी गणेश प्रतिमाएं (सफलता की कहानी)
सीहोर 20 अगस्त,2020
जिले की गौशालाओं में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौबर से गणेश की प्रतिमाऐं बनाने का कार्य किया जा रहा है। इन प्रतिमाओं में पंच गव्य का उपयोग कर अलग-अलग आकार व रंग की गणेश प्रतिमा आजीविका बाजार लुनिया चौराहा सीहोर में उपलब्ध है।
प्रदेश सरकार ने गौशाला संचालन का कार्य म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों को दिया है। इन स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौशाला संचालन का कार्य किया जाकर अब गौशालाओं से निकलने वाले गोबर को आमदनी का जरिया बना लिया है। आने वाले गणेश उत्सव को देखते हुए इन महिलाओं ने जिला शाजापुर स्थित गौशाला में गोबर एवं अन्य पंच गव्य तत्वों के मेल से गणेश प्रतिमाओं को बनाने का प्रशिक्षण राष्टीय आजीविका मिशन की जिला इकाई के माध्यम से प्राप्त किया था। यहां पर उन्होंने गौशालाओं के विभिन्न उत्पादों के साथ-साथ गणेश की प्रतिमाऐं बनाने का हुनर भी सीखा इस प्रकार पंचगव्य से बनी इको फ्रेन्डली प्रतिमाऐं पर्यावरण को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाएगी एवं धार्मिक आस्था के प्रतिक इस त्यौहार पर जन सामान्य को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी।